Loading...

Election / आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे विजय, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

Election : अभिनेता से नेता बने टीवीके प्रमुख सी जोसेफ विजय आज सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सरकार गठन को लेकर एक सप्ताह तक चली राजनीतिक हलचल के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने की मंजूरी दी। शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।

चेन्नई

तमिलनाडु की राजनीति में कई दिनों से जारी अनिश्चितता अब समाप्त हो गई है। तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने शनिवार को चौथी बार राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। विजय ने अपनी पार्टी और सहयोगी दलों के कुल 120 विधायकों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे, जिसके बाद उन्हें सरकार गठन की अनुमति मिल गई। 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए आवश्यक आंकड़ा पार करने के बाद आज वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

इन दलों ने दिया समर्थन

विजय को सरकार बनाने के लिए विदुथलाई चिरुथाइगल काची, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम) और अन्य सहयोगी दलों का समर्थन मिला है। इन सभी दलों ने टीवीके को बिना शर्त समर्थन देने का फैसला किया। विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी। बाद में सहयोगी दलों के समर्थन से गठबंधन की कुल संख्या 120 तक पहुंच गई।

टीवीके के सहयोगी दलों में कांग्रेस के पांच विधायक शामिल हैं, जबकि सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दो-दो विधायक गठबंधन का हिस्सा बने हैं। विजय ने दो विधानसभा सीटों से जीत हासिल की है और उन्हें एक सीट खाली करनी होगी, जिससे पार्टी की संख्या घटकर 107 रह जाएगी।

एक हफ्ते में चार बार राज्यपाल से मुलाकात

सरकार गठन को लेकर विजय ने एक सप्ताह के भीतर चार बार राज्यपाल से मुलाकात की। शुरुआती दौर में पर्याप्त समर्थन पत्र नहीं मिलने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी। हालांकि बाद में डीएमके के सहयोगी दलों ने उनका समर्थन किया, जिसके बाद राजनीतिक स्थिति स्पष्ट हो गई और सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया।

शपथ ग्रहण को लेकर समर्थकों में उत्साह

बहुमत मिलने के बाद चेन्नई स्थित टीवीके मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जश्न मनाया। पार्टी समर्थकों ने पटाखे फोड़े और विजय के समर्थन में नारे लगाए। जानकारी के अनुसार विजय अकेले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

Related Topics: