Electoral List / नगर निगम ऊना की मतदाता सूची प्रकाशित, 18 जून तक दावे और आपत्तियां आमंत्रित
Electoral List : नगर निगम ऊना के निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नाo) ऊना अभिषेक मित्तल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के तहत तैयार की गई मतदाता नामावली 8 जून 2026 से आमजन के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। पात्र नागरिक 18 जून 2026 तक नाम शामिल करवाने, संशोधन कराने अथवा आपत्तियां दर्ज करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
अभिषेक मित्तल ने बताया कि मतदाता सूची का अवलोकन उपमंडलाधिकारी (नाo) ऊना, नगर निगम कार्यालय ऊना तथा तहसीलदार ऊना के कार्यालय में किया जा सकता है। मतदाता नामावली में नाम शामिल करने के लिए 1 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन, सुधार या किसी नाम के संबंध में आपत्ति दर्ज करवानी है, तो संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से 18 जून 2026 तक दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
इन कार्यालयों में जमा किए जा सकेंगे आवेदन
दावा और आपत्ति संबंधी आवेदन पुनरीक्षण अधिकारी, सहायक अभियंता नगर निगम ऊना अथवा नायब तहसीलदार, कार्यालय उपायुक्त ऊना में जमा करवाए जा सकते हैं। दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए नगर निगम ऊना के सहायक अभियंता अंकुश राणा तथा डीसी कार्यालय ऊना से नायब तहसीलदार सतीश पूरी को पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
30 जून तक अपील करने का अवसर
उन्होंने बताया कि दावों एवं आपत्तियों पर निर्णय के उपरांत यदि कोई व्यक्ति पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है, तो वह 23 जून से 30 जून 2026 के बीच अपीलीय प्राधिकारी, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नाo) ऊना के समक्ष अपील दायर कर सकता है। अपीलों का निपटारा 3 जुलाई तक किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने पर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जुलाई को अथवा उससे पूर्व कर दिया जाएगा।