हिमाचल के सरकारी स्कूलों में जल्द शुरू होंगे AI, मशीन लर्निंग और ड्रोन तकनीशियन पाठ्यक्रम
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस और ड्रोन तकनीशियन जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कल्पा स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों का कौशल विकास करना और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।

किन्नौर/कल्पा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जगत सिंह नेगी ने मेधावी और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के ढांचागत विकास और गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान दौर में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है, इसलिए सरकारी स्कूलों में नए तकनीक आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

पांच विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम
जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि किन्नौर जिले में शिक्षा का स्तर मजबूत करने के लिए निचार, भावानगर, कानम, सांगला और रिकांग पिओ के विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न के माध्यम से पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने और खेल गतिविधियों से जोड़ने पर भी बल दिया। उनके अनुसार प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना का विस्तार कर युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

मंत्री ने कहा कि किन्नौर के कल्पा और रोपा वैली के ग्याबुंग में खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है। इन सुविधाओं से युवाओं को खेलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले के युवा फुटबॉल और बॉक्सिंग जैसे खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। राज्य सरकार उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में तीन प्रतिशत आरक्षण दे रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या रमा नेगी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज, उप पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा, पंचायत समिति अध्यक्षा कल्पा प्रतिमा नेगी, कल्पा ग्राम पंचायत के उपप्रधान राज कुमार नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
