Loading...

Employee / ओपीएस में कोई बदलाव नहीं करेगी सरकार, पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसें रवाना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Employee / उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार पुरानी पेंशन व्यवस्था यानी ओपीएस में किसी भी स्तर पर बदलाव नहीं करेगी। उन्होंने पालमपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि राज्य में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक तथा पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पालमपुर

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की है और सरकार अपने इस फैसले पर पूरी तरह कायम है। प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। सरकार का प्रयास है कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी नई बसें

उप मुख्यमंत्री ने इलेक्ट्रिक बस में सफर करने के बाद बताया कि एचआरटीसी के बेड़े में 297 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं। इन्हें निर्धारित रूटों पर चलाया जाएगा और जिन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बन चुके हैं, वहां इनका संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में 1,000 और इलेक्ट्रिक बसें एचआरटीसी के बेड़े में शामिल करने की योजना है। डीजल बसों की खरीद मुख्य रूप से लंबे रूटों के लिए 47 सीटर बसों तक सीमित रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि करीब 300 पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से एचआरटीसी के बेड़े से हटाया जाएगा। 15 साल की अवधि या नौ लाख किलोमीटर का सफर पूरा कर चुकी बसों के स्थान पर नई बसें शामिल की जाएंगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए प्रदेशभर में चार्जिंग नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। कांगड़ा जिले में धर्मशाला, नगरोटा, जसूर, देहरा, पालमपुर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि जयसिंहपुर में भी चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा।

मेडिकल कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के लिए बसें

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि धर्मशाला, देहरा और नगरोटा को इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। पीजीआई, एम्स बिलासपुर, आईजीएमसी शिमला सहित मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख धार्मिक स्थानों के लिए भी नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे उपचार के लिए आने-जाने वाले लोगों को परिवहन सुविधा मिलेगी और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक बेहतर संपर्क से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में मंत्री यादविंदर गोमा, विधायक आशीष बुटेल, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।