Loading...

क्वार्टर में बेहोश मिले HRTC चालक की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Nov 2026 • 1 Min Read

एचआरटीसी के रामपुर डिपो में कार्यरत 46 वर्षीय चालक संतोष कुमार की चाटी स्थित क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथी कर्मचारी उन्हें कमरे में बेहोशी की हालत में मिलने के बाद एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा।

कुल्लू/आनी

मृतक की पहचान संतोष कुमार पुत्र स्वर्गीय रमेश चंद, निवासी गांव लूणाधा, डाकघर फतेहपुर, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार 12 नवंबर को अपने चाटी स्थित क्वार्टर में गए थे। इस दौरान साथी कर्मचारी आकाश कौंडल और प्रकाश बहादुर ने उन्हें कमरे में बेहोशी की हालत में पाया। दोनों उन्हें तत्काल खनेरी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। सूचना मिलने पर ब्रौ थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का निरीक्षण करने के साथ फोटोग्राफी की। पुलिस को शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और फिलहाल किसी ने मौत को लेकर संदेह नहीं जताया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Topics: •