Loading...

FIR / जीवन प्रमाणपत्र के बहाने बुजुर्ग के खाते से 17.43 लाख रुपये की साइबर ठगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

FIR / हमीरपुर जिले में जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड कराने के बहाने 62 वर्षीय बुजुर्ग से 17 लाख 43 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित के मोबाइल पर बैंक एप का लिंक भेजने के बाद आरोपियों ने अलग-अलग नंबरों से फोन किया। शिकायत के आधार पर सदर थाना हमीरपुर में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हमीरपुर/हमीरपुर

पुलिस के अनुसार, पोरला गांव निवासी ओमप्रकाश ने शिकायत में बताया कि 30 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से बैंक एप का एक लिंक आया था। इसके कुछ समय बाद दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने उन्हें जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के लिए कहा। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उन्हें भरोसे में लिया, जिसके बाद उन्होंने मोबाइल पर भेजे गए लिंक को डाउनलोड कर लिया।

लिंक डाउनलोड होने के बाद आरोपियों ने बुजुर्ग के बैंक खाते में सेंध लगाकर 17 लाख 43 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। सदर थाना हमीरपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Topics: •