गोबिंद सागर झील में मिला 44 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
गोबिंद सागर झील के बुढ़ान-धबेड़ा घाट पर पानी में बहता हुआ 44 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलने के बाद बंगाणा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को झील से बाहर निकाला। मृतक की पहचान बिलासपुर जिले के लहरी सरेल निवासी अनिल कुमार पुत्र मनोहर लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि उसकी मौत और झील तक पहुंचने की परिस्थितियां जांच के बाद स्पष्ट होंगी।
ऊना/बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत बुधवार दोपहर किसी व्यक्ति ने गोबिंद सागर झील में शव बहता देखा। इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को दी गई, जिन्होंने बंगाणा पुलिस थाने को मामले से अवगत करवाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बुढ़ान-धबेड़ा घाट पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान घाट पर पंजाब नंबर की एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। नंबर की जांच में मोटरसाइकिल मृतक के नाम पर पंजीकृत पाई गई।
पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला। फोन में उपलब्ध जानकारी से उसके पिता का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तस्वीर भेजी। तस्वीर के आधार पर शव की पहचान 44 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल कुमार जालंधर में निजी नौकरी करता था और इस बार दीपावली पर भी घर नहीं आया था। थाना प्रभारी रोहित चौधरी के अनुसार मामले में कार्रवाई की जा रही है और घटना की परिस्थितियों का पता जांच के बाद चलेगा।