Loading...

FIR: नाहन कॉलेज में तालाबंदी और नारेबाजी पर मामला दर्ज, छह लोगों की संलिप्तता सामने आई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

FIR: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के मुख्य द्वार पर ताला लगाने और परिसर में नारेबाजी करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. देवराज शर्मा की शिकायत पर दर्ज मामले में छह लोगों की संलिप्तता सामने आई है और पुलिस का आगामी अन्वेषण जारी है।

नाहन

शिकायत के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:38 बजे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से संबंधित छात्रों और अन्य व्यक्तियों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाया तथा परिसर के भीतर नारेबाजी की। तालाबंदी के कारण विद्यार्थियों और शिक्षकों का आवागमन बाधित हुआ। इससे महाविद्यालय की सामान्य शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। मौके पर बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्तियों ने पुलिस को बताया कि यह कार्यक्रम राज्यस्तरीय धरने के रूप में आयोजित किया गया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बीए तृतीय वर्ष के छात्र रमन, गैर-छात्र जानवी, बीए प्रथम वर्ष के छात्र आयुष चौहान और राहुल, बीए तृतीय वर्ष के छात्र अरुण तथा गैर-छात्र गौरव की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस थाना नाहन में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। मामले से जुड़े तथ्यों और संबंधित लोगों की भूमिका को लेकर आगामी जांच जारी है।

Related Topics: