FIR: नाहन में बुजुर्ग महिला को कमरे में बंद कर पीटने का आरोप, बहू और दो पोतों पर केस
FIR: नाहन के कच्चा टैंक क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू और दो पोतों पर घरेलू विवाद के बाद उसे कमरे में बंद कर लात-घूंसों से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
नाहन
पुलिस के अनुसार, कच्चा टैंक निवासी निर्मला अग्रवाल पत्नी स्वर्गीय राम स्वरूप ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी बहू रीमा काफी समय से उसके और उसके बेटे संदीप के साथ लड़ाई-झगड़ा तथा गाली-गलौज करती है। शिकायत के मुताबिक, 12 सितंबर को घरेलू बात को लेकर संदीप और उसकी पत्नी रीमा के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान रीमा ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से भी गाली-गलौज और झगड़ा किया। महिला का कहना है कि उसने बहू को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
शिकायत में बताया गया कि विवाद के बाद संदीप शिकायत करने के लिए पुलिस चौकी कच्चा टैंक चला गया। आरोप है कि उसके वहां जाने के बाद बहू और उसके दोनों बेटों ने बुजुर्ग महिला को कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। महिला ने इस दौरान जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई के लिए जांच की जा रही है।