Murder/ सोलन में नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या, पत्नी और उसके कथित प्रेमी गिरफ्तार
Murder : सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र की बोहली पंचायत के जोहड़ पटियाला गांव में नेपाली मूल के एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर व्यक्ति की हत्या की और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
सोलन
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात की है। मृतक के घर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जांच में आरोप है कि विवाद के बाद महिला और उसके कथित प्रेमी ने व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
शव झाड़ियों में मिलने से हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी शव को घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंककर चले गए। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेजा तथा घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सोलन टी.एस.डी. वर्मा ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम संबंध का पहलू भी सामने आया है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
