FIR: पांवटा साहिब में वन टीम को पिकअप से कुचलने का प्रयास, 36 खैर लॉग बरामद
FIR: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब की माजरा रेंज में खैर तस्करों को पकड़ने गई वन विभाग की टीम को पिकअप से कुचलने का प्रयास किया गया। वनकर्मियों ने रास्ते से हटकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी वाहनों के साथ मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने घटनास्थल से 36 खैर लॉग और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
बुधवार सुबह वन विभाग की टीम आरक्षित वन क्षेत्र बांसवाली में गश्त कर रही थी। टीम को देखकर भाग रहे तस्करों को वन रक्षक जोहड़ों बीट रमेश कुमार, वन रक्षक सैनवाला बीट प्रताप सिंह और चौकीदार गुरमेल सिंह सहित अन्य कर्मियों ने रोकने की कोशिश की। आरोप है कि पिकअप चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे सीधे वन टीम की ओर दौड़ा दिया। अचानक वाहन अपनी तरफ आता देखकर वनकर्मी रास्ते से हट गए और पिकअप की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
घटना के दौरान पिकअप की रफ्तार कुछ कम होने पर वन रक्षक रमेश कुमार ने उसका शीशा तोड़कर चालक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। इसके बाद चालक पिकअप को तेज रफ्तार से भगाकर मौके से फरार हो गया। चालक की पहचान मिस्सरवाला निवासी नसीम के रूप में हुई है। वन विभाग के डीएफओ वेद प्रकाश शर्मा और वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि तस्करों ने वन टीम को कुचलने का प्रयास किया और फिर वाहनों के साथ भाग गए।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान खैर के तीन कटे हुए पेड़ मिले। वन विभाग ने मौके से कुल 36 लॉग बरामद किए, जिनका बाजार मूल्य 2,91,684 रुपये आंका गया है। एक मोटरसाइकिल भी विभाग ने कब्जे में ली है। एसपी एनएस नेगी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आरक्षित वन से अवैध रूप से पेड़ काटने या चोरी करने और सरकारी काम में बाधा डालने से जुड़ी बीएनएस की धारा 303(2), 221 और 3(5) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 26(1)(एफ) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
