FIR / सिरमौर पुलिस ने सुलझाई टायर चोरी की वारदातें, आरोपी गिरफ्तार ; गुमशुदा तीन नाबालिग भी सकुशल बरामद
FIR : जिला सिरमौर पुलिस ने दो महत्वपूर्ण मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर पुलिस ने नाहन क्षेत्र में लगातार हो रही वाहनों के टायर चोरी की चार वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सभी टायर और रिम बरामद कर लिए हैं। वहीं अलग-अलग मामलों में घर से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को भी सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सिरमौर
तीन गुमशुदा नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद किया
जिला सिरमौर पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को पुलिस थाना सदर नाहन में दर्ज अभियोग संख्या 135/26 में दो नाबालिग लड़कियां बिना बताए घर से चली गई थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को उसी दिन सकुशल बरामद कर नियमानुसार उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके अलावा 27 जुलाई को दर्ज अभियोग संख्या 138/26 में घर से लापता हुए एक नाबालिग बालक का भी पता लगाकर उसे जिला शिमला से सकुशल बरामद किया गया।
चार टायर चोरी के मामलों का एक साथ खुलासा
नाहन क्षेत्र में पिछले कुछ समय से खड़ी कारों के टायर चोरी होने की लगातार घटनाओं के बाद जिला पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच करते हुए एसआईटी ने चार अलग-अलग अभियोगों का सफल अनावरण किया। इन मामलों में राकेश कुमार, राजेश रैना, धनवीर सिंह और निवेश शर्मा की कारों से चारों टायर तथा रिम अथवा अलॉय व्हील चोरी किए गए थे। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए कुल 16 टायर रिम सहित बरामद कर लिए हैं।

ऐसे देता था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अभिमन्यु रात के समय सुनसान स्थानों पर खड़ी कारों को निशाना बनाता था। वह कारों के चारों टायर और रिम खोलकर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में चंडीगढ़ के मनीमाजरा मोटर मार्केट ले जाता था। वहां वह दुकानदारों को झूठी कहानी सुनाकर चोरी किए गए टायर अपनी गाड़ी में लगवा लेता और अपने पुराने टायर बेच देता था। इसी तरीके से उसने चोरी के टायर चार अलग-अलग दुकानों पर आठ हजार से 11,500 रुपये तक में बेच दिए।
सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन और बैंक लेन-देन से खुला राज
एसआईटी ने जांच के दौरान ट्रैफिक सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और साइबर टीम की सहायता से बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि प्रत्येक चोरी की घटना के अगले दिन आरोपी के खाते में मनीमाजरा मोटर मार्केट की दुकानों से ऑनलाइन भुगतान प्राप्त हुआ था। इन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मनीमाजरा की चार दुकानों से चोरी किए गए सभी 16 टायर रिम एवं अलॉय व्हील सहित बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जिला सिरमौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों को यथासंभव सुरक्षित और प्रकाशयुक्त स्थानों पर पार्क करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।