FIR : सुंदरनगर में मां को घर से निकालने और जान से मारने की धमकी का आरोप, बेटे पर केस
FIR : मंडी जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नाल गांव में एक महिला ने अपने बेटे पर शराब के नशे में बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला को घर से बाहर निकाल दिया और मां व भाइयों को दराट तथा कुल्हाड़ी दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंडी/सुंदरनगर
पुलिस को दी शिकायत में कलाष्णू देवी पत्नी स्वर्गीय मनीराम तथा उनके बेटों बंशी राम और रोशन लाल ने बताया कि जीत राम बुधवार को शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने घर में हुड़दंग मचाते हुए अपनी मां के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें बाहर निकाल दिया। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने दराट और कुल्हाड़ी दिखाकर मां तथा भाइयों को जान से मारने की धमकियां भी दीं।
घरेलू सामान बाहर फेंकने का आरोप
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरोपी ने हथौड़े से घर के दरवाजे तोड़ दिए और पावर टिल्लर, अनाज, पशुओं के चारे की दो बोरियां, खल, ट्रंक तथा अन्य घरेलू सामान बाहर फेंक दिया। परिवार ने इस घटना में एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का दावा किया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि सुंदरनगर पुलिस थाने में मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
