Fraud / जाली कृषक प्रमाण-पत्र के जरिए कृषि भूमि खरीदने का आरोप, महिला के खिलाफ केस दर्ज
Fraud : सिरमौर के पच्छाद थाना क्षेत्र में कथित रूप से जाली कृषक प्रमाण-पत्र का उपयोग कर कृषि भूमि खरीदने के मामले में एक महिला के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में भूमि संबंधी नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों को धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पच्छाद (सिरमौर)
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव व डाकघर सराहां, तहसील पच्छाद निवासी इंद्र दत्त पुत्र हुकम दत्त ने थाना पच्छाद में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रणबीर सूद निवासी सेक्टर-49D, चंडीगढ़ (वर्तमान पता गांव पोहघाट, डाकघर बागपशोग, तहसील पच्छाद) ने कथित रूप से जाली कृषक प्रमाण-पत्र प्राप्त कर उसका दुरुपयोग करते हुए अवैध तरीके से कृषि भूमि खरीदी।
शिकायतकर्ता ने धमकाने के भी लगाए आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भूमि खरीद के दौरान संबंधित कानूनों का उल्लंघन किया गया। इसके अलावा उन्हें तथा स्थानीय निवासियों को कथित रूप से धमकाकर भयभीत करने का भी प्रयास किया गया। इन सभी आरोपों को पुलिस ने जांच में शामिल किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच पूरी होने के बाद ही होगा।