Fraud / ‘गहने दोगुने’ करने के झांसे में महिला से ₹15 लाख के जेवर ठगे, पुलिस जांच में जुटी
Fraud : जिला ऊना में कथित तांत्रिक द्वारा गहने दोगुने करने का झांसा देकर एक महिला से करीब ₹15 लाख के सोने-चांदी के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास और झूठे चमत्कार के नाम पर किसी के बहकावे में न आने की अपील की है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला ऊना में अंधविश्वास और पाखंड का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कथित तांत्रिक बाबा ने चमत्कार का झांसा देकर एक महिला से करीब ₹15 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।जानकारी के अनुसार, आरोपी ने महिला को विश्वास दिलाया कि वह विशेष तांत्रिक विधि और मंत्रों के माध्यम से उसके गहनों को दोगुना कर सकता है। कथित बाबा ने महिला को अपनी बातों में इस तरह उलझाया कि उसने अपने सभी कीमती आभूषण उसके हवाले कर दिए। इसके बाद आरोपी मौका पाकर गहनों सहित फरार हो गया।
जब काफी देर तक कथित बाबा वापस नहीं लौटा तो महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अंधविश्वास और चमत्कार के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह आज भी सक्रिय हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झूठे दावों, तांत्रिक क्रियाओं या चमत्कार के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई और कीमती सामान किसी के हवाले न करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस प्रकार का लालच देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।