Loading...

फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट नाहन इकाई की बैठक सम्पन्न, जमटा व आमवाला में चलेगा पौधारोपण अभियान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 24 Jul 2026 • 1 Min Read

फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट की नाहन इकाई की बैठक में पर्यावरण संरक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वर्षा ऋतु में जमटा और आमवाला क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाने तथा “अरण्य मित्र” मुखपत्र प्रकाशित करने का फैसला किया गया। बैठक में युवाओं, किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।

नाहन

फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट की नाहन इकाई की बैठक शुक्रवार को संगठन के कार्यालय वर्मा हाउस में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई के महासचिव दलीप सिंह ने की। इसमें जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा, संस्थापक सदस्य डॉ. दीनदयाल वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत संगठन के दिवंगत सलाहकार नसीम मोहम्मद दीदान को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण और संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान जमटा रेंज तथा नाहन रेंज के आमवाला क्षेत्र में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नाजर खान को संयोजक और हिमेश चौहान को सह-संयोजक बनाया गया।इसके अलावा संगठन का मुखपत्र “अरण्य मित्र” शीघ्र प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और जन-जागरूकता से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।बैठक में सिरमौर जिले के युवाओं, किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण शिक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर रविंद्र कुमार, बाबू राम पुंडीर, राजेंद्र कुमार, संगठन मंत्री अरुण वालिया सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा और संस्थापक सदस्य डॉ. दीनदयाल वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और प्रकृति संरक्षण के अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।