21 नवंबर को सोलन के पांच न्यायिक परिसरों में चेक बाउंस मामलों की विशेष लोक अदालत
सोलन जिले के पांच न्यायिक परिसरों में लंबित चेक बाउंस मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 21 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालतें आयोजित की जाएंगी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने बताया कि इनमें नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत आने वाले मामलों को आपसी सहमति के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा।
सोलन
विशेष लोक अदालतों का आयोजन सोलन, नालागढ़, कसौली, अर्की और कंडाघाट स्थित न्यायिक परिसरों में किया जाएगा। इन अदालतों में न्यायालयों में लंबित चेक बाउंस मामलों के साथ ऐसे मामलों का निपटारा भी करवाया जा सकता है, जिन्हें अभी तक अदालत में दायर नहीं किया गया है। लोक अदालत से पहले होने वाली प्री-लोक अदालत बैठक में भी संबंधित पक्ष आपसी सहमति से अपने विवाद का समाधान करवा सकते हैं।
मामले का निपटारा करवाने के इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कार्यालय सोलन या संबंधित न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। अन्य प्रकार के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 12 दिसंबर को भी सोलन जिले के इन्हीं पांच न्यायिक परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। विशेष लोक अदालत और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01792-220713 पर संपर्क किया जा सकता है।