Loading...

ऊषा माता मंदिर में एनएसएस स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान, परिसर और रास्ते से हटाया कचरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौकी मनियार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन ऊषा माता मंदिर परिसर और आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने मंदिर तक जाने वाले रास्ते की भी सफाई की। इसी दौरान अम्ब ब्लॉक के एनएसएस कोऑर्डिनेटर वीरेंद्र सिंह ने शिविर का औचक निरीक्षण कर गतिविधियों का जायजा लिया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल और ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले स्कूल के एनएसएस स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर से प्लास्टिक कचरा, सूखी पत्तियां, घास-फूस और अन्य अपशिष्ट पदार्थ एकत्रित किए। एकत्र किए गए कचरे का उचित निपटान भी किया गया। स्वयंसेवकों ने श्रमदान के माध्यम से धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।

मंदिर के पुजारी पंडित आनंद ने स्वयंसेवकों के सेवा भाव और सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने बच्चों के प्रयास की प्रशंसा करते हुए सभी स्वयंसेवकों के लिए चाय-पान की व्यवस्था की। मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने भी शिविर के पांचवें दिन आयोजित इस अभियान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के स्वच्छता एवं समाज सेवा से जुड़े प्रयास को उपयोगी बताया।

एनएसएस शिविर का औचक निरीक्षण

अम्ब ब्लॉक के एनएसएस कोऑर्डिनेटर वीरेंद्र सिंह ने शिविर में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली और स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि एनएसएस समाज सेवा के साथ अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को भविष्य में भी समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान कार्यक्रम अधिकारी जतिंदर शर्मा के साथ अध्यापिका सोनिका और पूजा तथा अध्यापक दिनेश कुमार और सुरेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। शिक्षकों के सहयोग से मंदिर परिसर और रास्ते की सफाई का कार्य पूरा किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्वच्छता के साथ समाज के प्रति अपनी सेवा भावना और जिम्मेदारी का परिचय दिया।

Related Topics: •