पहलगाम हमले के शहीदों को गगरेट में श्रद्धांजलि, शहीद भगत सिंह क्लब ने दी भावभीनी नमन
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
गगरेट उपमंडल में शहीद भगत सिंह क्लब के सदस्यों ने अम्बोटा स्थित शहीद स्मारक पर एकत्रित होकर पहलगाम हमले में मृत पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान मौन रखकर दिवंगत आत्माओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया और घटना को स्मरण किया गया।
ऊना
उप मंडल गगरेट की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था शहीद भगत सिंह क्लब के सदस्यों ने बुधवार को अम्बोटा स्थित शहीद स्मारक पर एकत्रित होकर गत वर्ष 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए, 26 निर्दोष पर्यटकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर क्लब के प्रधान मुनीष ठाकुर ने कहा कि 22 अप्रैल 2025 का दिन देश के इतिहास में एक दर्दनाक घटना के रूप में दर्ज हो गया है। कश्मीर की खूबसूरत वादियों में बसे पहलगाम की बैसरन घाटी, जहां लोग सुकून की तलाश में जाते हैं, उस दिन अचानक चीखों से गूंज उठी थी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा धर्म पूछकर 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
उन्होंने आगे कहा कि इस हमले के बाद भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए आतंकियों के ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की। मुनीष ठाकुर ने कहा कि समय भले ही बीत जाए, लेकिन कुछ जख्म ऐसे होते हैं जो कभी पूरी तरह नहीं भरते। पहलगाम की घटना भी देश के लिए ऐसा ही एक गहरा जख्म है, जिसकी पीड़ा आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है।इस मौके पर क्लब के उपप्रधान राजिंदर बंसल, अमृतपाल सिंह, अमित सूद, मंजीत सिंह, संजीव कुमार, विक्रम सिंह, राहुल, कर्ण सिंह, शम्मी सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।