Loading...

नारग स्कूल के आराध्य और भूपेंद्र राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए चयनित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Mins Ago • 1 Min Read

सिरमौर जिले के पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के आराध्य वीर सिंह और भूपेंद्र ने ऊर्जा दक्षता विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी-अपनी श्रेणी के शीर्ष 50 प्रतिभागियों में स्थान बनाया है। दोनों विद्यार्थी अब 20 नवंबर को शिमला में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

राजगढ़

प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के करीब पांच हजार विद्यालयों से लगभग 21 हजार विद्यार्थियों ने प्रविष्टियां भेजी थीं। इनमें दो अलग-अलग श्रेणियों से 50-50 विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच नारग विद्यालय की छठी कक्षा के छात्र आराध्य वीर सिंह और नौवीं कक्षा के छात्र भूपेंद्र का चयन विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

ऊर्जा दक्षता ब्यूरो और एसजेवीएनएल से जुड़ी इस वार्षिक चित्रकला प्रतियोगिता में नारग विद्यालय लगातार सात वर्षों से राज्य स्तर तक पहुंच रहा है। पिछले वर्ष विद्यालय की छात्रा प्रियांशी पंवर ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया था। इस बार दो विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी है तथा दोनों आगामी प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हैं।

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जय प्रकाश राही और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लगातार प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने को गर्व का विषय बताया और आराध्य तथा भूपेंद्र को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Topics: •