Loading...

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर तथ्य सत्यापन और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Mins Ago • 1 Min Read

ऊना में राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में उपायुक्त जतिन लाल ने पत्रकारिता में तथ्य सत्यापन, संतुलन और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपुष्ट सूचनाओं और सनसनीखेज प्रस्तुति से मीडिया की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। सम्मेलन में पत्रकारों ने बदलते मीडिया परिदृश्य, मौजूदा चुनौतियों और समाज के प्रति पत्रकारिता के दायित्व पर विचार साझा किए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित सम्मेलन में उपायुक्त ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और समाज को आगे बढ़ाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसी भी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उसकी कमियों को सामने लाने के साथ रचनात्मक और आलोचनात्मक सोच जरूरी है। मीडिया समस्याओं को उजागर करने के अलावा उनके समाधान की दिशा में रास्ता दिखाने का काम भी करता है। प्रशासन को मीडिया से मिलने वाला फीडबैक व्यवस्थाओं में सुधार और जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करता है।

जतिन लाल ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच प्रत्येक मुद्दे पर सहमति होना जरूरी नहीं है। प्रशासन की हर बात मीडिया को पसंद आए अथवा मीडिया द्वारा उठाया गया प्रत्येक मुद्दा प्रशासन को उचित लगे, यह संभव नहीं है। संवाद और स्वस्थ असहमति दोनों के संबंध को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को आपसी फीडबैक के आधार पर बेहतर काम करने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास करना चाहिए। ऊना में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें स्थानीय पत्रकारों से भी बहुत कुछ सीखने को मिला है।

अपुष्ट सूचनाओं और सनसनीखेज प्रस्तुति पर चिंता

उपायुक्त ने कहा कि मौजूदा दौर में सूचनाओं और समाचारों का सत्यापन अत्यंत आवश्यक हो गया है। बिना पुष्टि प्रसारित सूचना भ्रामक साबित हो सकती है और कई बार लोगों के लिए संकट की स्थिति भी पैदा कर सकती है। सनसनीखेज प्रस्तुति के कारण लोगों के सामने यह तय करने की चुनौती रहती है कि वे किस सूचना और माध्यम पर भरोसा करें। इसलिए पत्रकारिता में तथ्यों की पुष्टि, संतुलन और जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने मीडिया को समाज के लिए रास्ता और रास्ता दिखाने वाला माध्यम बताया।

‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर हुई विचार गोष्ठी में प्रेस क्लब ऊना के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि मीडिया का स्वरूप लगातार बदल रहा है और विभिन्न माध्यमों की विश्वसनीयता को लेकर नए सवाल सामने आए हैं। सरोज मोदगिल ने पत्रकारों से अपने दायित्व को समझने का आग्रह किया। डॉ. रणधीर जसवाल ने पत्रकारिता को संवेदनशीलता के साथ निभाई जाने वाली जिम्मेदारी बताया। केएल बैंस ने तथ्य सत्यापन को जिम्मेदार पत्रकारिता का आधार कहा, जबकि जीवन शर्मा ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।

संगीत सत्र और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन

सम्मेलन में विचार गोष्ठी से पहले गजल गायक सुनील डोगरा ने अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपायुक्त, पत्रकारों और अन्य अतिथियों ने सराहना की। आयोजन के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने की पहल भी की गई। प्रशासन की ओर से अतिथियों और प्रतिभागियों को दिए गए उपहारों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पाद शामिल किए गए। इसके माध्यम से ऊना के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।