Loading...

धर्म स्थल की मरम्मत कर गोरखा एसोसिएशन ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित धर्म स्थल की मरम्मत सिरमौर गोरखा एसोसिएशन ने सामूहिक श्रमदान से पूरी की। सेवा अभियान के माध्यम से संस्था ने सामाजिक एकता, सहयोग और जनसेवा का प्रेरक संदेश दिया। एसोसिएशन ने भविष्य में भी ऐसे जनहित और सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।

राजगढ़

सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सिरमौर गोरखा एसोसिएशन, राजगढ़ शाखा ने फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित धर्म स्थल की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य सामूहिक श्रमदान से पूरा कर सामाजिक एकता और सेवा भाव का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।एसोसिएशन के सदस्यों ने श्रमदान करते हुए धर्म स्थल की आवश्यक मरम्मत, रखरखाव तथा अन्य जरूरी कार्य किए। सामूहिक प्रयासों से धर्म स्थल की स्थिति पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर और सुरक्षित हो गई। सेवा अभियान में एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए धर्म स्थल के संरक्षण और सौंदर्यीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

एसोसिएशन के सदस्यों वीरेंद्र, धनलाल, करण और नरेश ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का संरक्षण पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यों से सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा की भावना को नई मजबूती मिलती है।इस अवसर पर एसोसिएशन ने सेवा कार्य में समय, श्रम और सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से महेंद्र का धन्यवाद किया गया, जिन्होंने धर्म स्थल की मरम्मत के लिए आवश्यक स्टील शीट उपलब्ध करवाकर सराहनीय सहयोग दिया। एसोसिएशन ने कहा कि समाजहित के कार्य तभी सफल होते हैं, जब लोग अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़कर सहयोग करते हैं।

पदाधिकारियों ने कहा कि सिरमौर गोरखा एसोसिएशन भविष्य में भी सामाजिक, धार्मिक और जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। उन्होंने लोगों से ऐसे सेवा अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल अपने समाज तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना है। धर्म स्थल की मरम्मत जैसा सामूहिक प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश है।