Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ भव्य वृक्षारोपण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत एनएसएस, इको क्लब और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, इको क्लब एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, हरित वातावरण के निर्माण को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर के समक्ष विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवकों, विभिन्न क्लबों के सदस्यों तथा कार्यालय स्टाफ ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान हमारी मातृभूमि और प्रकृति के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम की सबसे सराहनीय विशेषता यह रही कि राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रत्येक स्वयंसेवक समूह, महाविद्यालय के प्रत्येक शिक्षक तथा कार्यालय स्टाफ ने एक-एक पौधे को गोद लिया तथा उसके नियमित संरक्षण, सिंचाई और देखभाल का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें विकसित कर एक सुदृढ़ और हरित पर्यावरण की नींव रखना है।

इस अभियान में महाविद्यालय के आपदा प्रबंधन क्लब, रोड सेफ्टी क्लब, रेड क्रॉस क्लब सहित अन्य क्लबों के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में प्राध्यापक वर्ग से प्रो० कविता कौशल, डॉ० रामकुमार नेगी, डॉ० सगुन डोगरा एवं प्रो० नवीन शर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

यह आयोजन केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सतत विकास की दिशा में महाविद्यालय परिवार की सार्थक एवं प्रेरणादायी पहल बनकर उभरा।