राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में एनएसएस नामांकन अभियान आयोजित, विद्यार्थियों को समाज सेवा से जुड़ने का मिला आह्वान
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) नामांकन अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही एनएसएस गतिविधियों एवं MY Bharat Portal पर पंजीकरण संबंधी जानकारी भी साझा की गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्वयंसेवकों के नामांकन अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, समाज सेवा की भावना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से परिचित कराते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को एनएसएस से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कविता कौशल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे एनएसएस से जुड़कर समाज हित और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो० नवीन शर्मा ने विद्यार्थियों को एनएसएस की नियमित गतिविधियों, सात दिवसीय विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवकों को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व कौशल, सामाजिक अनुभव और विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अनेक अवसर प्राप्त होते हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि सभी नव-नामांकित स्वयंसेवकों के लिए MY Bharat Portal पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा।
नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का गठन भी किया गया, जिसमें नव-नामांकित स्वयंसेवकों को शामिल किया गया।कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. राम कुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाकर समाज सेवा की मिसाल कायम करेंगे।