Government Decision : हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को राज्य ने दिए 450 करोड़
Government Decision: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपये दिए हैं और यह अगले दो महीने में शुरू हो जाएगा। नादौन विधानसभा क्षेत्र में सधोड़ापत्तन पुल के शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के दावों को गलत बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना में भाजपा का कोई योगदान नहीं है।
हमीरपुर/नादौन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी। इसकी अधिसूचना 22 जनवरी 2014 को जारी हुई थी और उस समय केंद्र सरकार ने परियोजना के लिए 180 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस करवाई गई। उन्होंने कहा कि कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कैंसर इंस्टीट्यूट पर खर्च होंगे करीब 500 करोड़
मुख्यमंत्री के अनुसार इसी मेडिकल कॉलेज में उत्तर भारत का पहला कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। जापान के सहयोग से बनने वाले इस संस्थान पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण के लिए भी 150 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं और इसका काम जल्द शुरू होगा। इन सुविधाओं के शुरू होने से मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
सभी मेडिकल कॉलेजों में स्थापित होंगी ऑटोमेटेड लैब
प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सुविधाओं और डायग्नॉस्टिक सिस्टम को बेहतर करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि एम्स दिल्ली की तर्ज पर प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड लैब स्थापित की जा रही है। इन लैब में एक ही सैंपल से 1,200 टेस्ट करने की सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार का उद्देश्य मेडिकल कॉलेजों में जांच व्यवस्था को आधुनिक बनाना और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।