चम्बा के अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का राज्यपाल ने किया शुभारम्भ, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और नशामुक्त समाज का दिया संदेश
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने चम्बा के अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारम्भ करते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन्होंने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सेवानिवृत्त सैनिकों और वीर परिवारों को सम्मानित भी किया।
चम्बा
राज्यपाल ने किया अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारम्भ
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शनिवार को चम्बा के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। चौगान मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर चम्बा जिले के लोगों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सदियों पुराना मिंजर उत्सव हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामुदायिक सहभागिता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर दिया जोर
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपनी लोक संस्कृति, पारंपरिक मेलों, कला और त्योहारों की गौरवशाली परंपराओं को पीढ़ियों से संरक्षित रखा है। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मिंजर जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने चम्बा रूमाल, चम्बा चप्पल और चम्बा थाल जैसी विश्वप्रसिद्ध पारंपरिक कलाओं एवं शिल्पों का उल्लेख करते हुए स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों के योगदान की सराहना की।
नशामुक्त समाज के निर्माण का किया आह्वान
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने नशे की रोकथाम को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी वर्गों से जन-जागरूकता अभियान में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, समाज, शिक्षण संस्थानों और प्रशासन की साझा भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने इस दिशा में जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों और प्रयासों की भी सराहना की तथा कहा कि समाज की सहभागिता से ही नशामुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने चौगान स्थित कारगिल स्मारक पर जिला चम्बा के शहीद आशीष थापा, खेमराज और ओम प्रकाश को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और शहीदों के आदर्शों के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल रवि वैद, श्रीमती विद्या देवी, श्रीमती मुशरबू देवी, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अशोक कुमार, हवलदार मिलाप सिंह, हेमराज, हवलदार सुशील कुमार, हवलदार कारण सिंह, अश्वनी कुमार तथा हवलदार धर्मपाल सहित कई पूर्व सैनिकों और वीर परिवारों को सम्मानित किया गया।
ध्वजारोहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र
राज्यपाल ने मिंजर ध्वजारोहण कर मेले का औपचारिक शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अजीत भट्ट एंड पार्टी ने पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार की प्रस्तुति दी। यह सांस्कृतिक दल पिछले 32 वर्षों से इस लोक परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य कर रहा है। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैयर, विधायक डी.एस. ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं एचआरटीसी निदेशक मंडल सदस्य सुरजीत भरमौरी, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली, प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


