Loading...

जीआर मुसाफिर ने केंद्र पर हिमाचल से भेदभाव का आरोप लगाया, सड़क परियोजनाओं पर दी जानकारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जीआर मुसाफिर ने राजगढ़ में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने रोजगार, किसानों और आपदा राहत के मुद्दों पर केंद्र की नीतियों की आलोचना की। इसके साथ ही उन्होंने नेरीपुल-सनौरा मार्ग के लिए 203 करोड़ रुपये की स्वीकृति, सराहां-चंडीगढ़ मार्ग की प्रस्तावित डीपीआर और हिम पंचकूला शहर की योजना से जुड़ी जानकारी साझा की।

नाहन

मुसाफिर ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और युवा व किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग कर रही है, जो संविधान और लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। उन्होंने दो करोड़ रोजगार, सौ स्मार्ट सिटी और कालाधन वापस लाने जैसे भाजपा के पुराने वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये वादे पूरे नहीं हुए।

उन्होंने केंद्र सरकार पर प्रदेश के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल की आरजीडी बंद कर दी गई और आपदा से हुए नुकसान के लिए अपेक्षित राहत भी नहीं मिली। मुसाफिर ने प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1,500 करोड़ रुपये की राशि नहीं मिलने का दावा किया। उन्होंने प्रदेश के सांसदों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वित्तीय संकट के बावजूद प्रदेश में विकास कार्य जारी रखे गए हैं।

सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति पर जताई खुशी

मुसाफिर ने बताया कि नेरीपुल-सनौरा मार्ग के लिए 203 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। उन्होंने कहा कि सभी जोन के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द शिमला जाकर मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री का आभार व्यक्त करेगा। उनके अनुसार सराहां-चंडीगढ़ मार्ग को भी राज्य प्राथमिकता में शामिल किया गया है और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का काम जल्द शुरू होगा। यह परियोजना एशियाई विकास बैंक के माध्यम से पूरी किए जाने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की सीमा से लगते सिरमौर जिले के क्षेत्र में हिम पंचकूला शहर बसाने की योजना पर भी काम चल रहा है। पत्रकार वार्ता के दौरान पच्छाद कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष परीक्षा चौहान, दिनेश आर्य, रणजोत सिंह, दुर्गेश कुमार, सुरेंद्र शर्मा, यशवंत सिंह और सरदार कुलदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

Related Topics: