हादसा: भरनी गांव में आग से रिहायशी मकान राख, लाखों के नुकसान की आशंका
हादसा: उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चरडा के भरनी गांव में मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। लकड़ी से बने मकान में आग तेजी से फैली और कुछ ही देर में पूरा घर जलकर राख हो गया। यह मकान साभो पत्नी स्वर्गीय जुमु का बताया गया है। अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।
चंबा/चुराह
मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग तेजी से फैलने के कारण घर में रखा कोई भी सामान सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका। अग्निकांड में कपड़े, बिस्तर, अनाज और अन्य घरेलू सामान के साथ सोने-चांदी के गहने तथा नकदी भी जल गई। ग्रामीणों के प्रयासों के बावजूद कुछ ही समय में पूरा मकान राख के ढेर में बदल गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला घर में अकेली रहती है और परिवार में कमाने वाला कोई सदस्य नहीं है। मकान और घरेलू सामान जलने के बाद उसके सामने रहने तथा जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। एसडीएम चुराह ने बताया कि प्रशासन को अग्निकांड की सूचना मिली है और बुधवार को टीम मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन करवाया जाएगा।