हादसा / चंबा के सेरी गांव में आग से मकान राख, करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
हादसा / हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की ग्राम पंचायत करयूनी कोठी के सेरी गांव में शनिवार सुबह आग लगने से देवी सिंह पुत्र फत्तु राम का मकान पूरी तरह जल गया। इस घटना में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मकान नष्ट होने के बाद प्रभावित परिवार के सामने आवास की समस्या खड़ी हो गई है।
चंबा/सेरी गांव
आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। स्थानीय लोगों, पुलिस और अग्निशमन दल ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। घटना में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन प्रशासन की ओर से किया जाएगा।
प्रभावित परिवार को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू
आवासीय आयुक्त अमनदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया था। प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विधायक डॉ. जनक राज ने भी प्रशासन को पीड़ित परिवार की मदद के लिए हरसंभव कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नुकसान का आकलन पूरा होने के बाद परिवार को राहत प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।