Loading...

जदोल टपरोली में नशामुक्ति की मुहिम, योग-खेलों से 250 विद्यार्थियों को मिला स्वस्थ जीवन का संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय पझौता की एनएसएस इकाई ने जदोल टपरोली स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। योग प्रस्तुतियों, पारंपरिक खेलों, पोस्टर मेकिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

राजगढ़

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जदोल टपरोली में यह कार्यक्रम “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत: हंड्रेड वीक संकल्प अभियान” के अंतर्गत “फिट यूथ, एडिक्शन फ्री यूथ” थीम पर आयोजित किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनौरा के विद्यार्थियों ने योग प्रस्तुतियों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का महत्व बताया। प्रस्तुतियों में अनुशासन, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक सोच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश भी दिया गया।

पारंपरिक खेलों में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए छह पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें चम्मच दौड़, एक फूल दो माली, म्यूजिकल चेयर और मटका फोड़ सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजकों ने खेलों के माध्यम से आपसी सहयोग, सहभागिता और खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ बताया कि शारीरिक सक्रियता एवं रचनात्मक गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर मेकिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। विद्यार्थियों ने पोस्टरों और नारों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रस्तुत किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। सनौरा स्कूल के शारीरिक शिक्षा अध्यापक विनय कुमार चौहान ने योग और पारंपरिक खेलों के प्रशिक्षक की भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

जदोल टपरोली स्कूल की प्राचार्या किरण ठाकुर ने कहा कि योग और पारंपरिक खेलों जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित की जा सकती है। उन्होंने स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवाओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई।

पझौता कॉलेज की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है और इसके दूसरे चरण की थीम “फिट यूथ, एडिक्शन फ्री यूथ” है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशालय, चंडीगढ़ ने इस पहल के तहत कार्यक्रम के आयोजन के लिए महाविद्यालय की एनएसएस इकाई का चयन किया है। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवी कविता चौहान ने किया, जबकि नेहा वर्मा ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रशासन और प्रतिभागियों का आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Related Topics: •