Loading...

हादसा: चंबा में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आया स्कूटी सवार, 22 वर्षीय युवक की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा: चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में हलूरी-भड़ेला मार्ग पर शकलोई नाला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से स्कूटी सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव पुन्ना निवासी दिनेश पुत्र गोविंद के रूप में हुई है। दिनेश काम के सिलसिले में मुंबई में रहता था और हाल ही में छुट्टियों पर घर आया था।

चंबा/सलूणी

जानकारी के अनुसार, दिनेश शनिवार को एक अन्य व्यक्ति के साथ स्कूटी पर निजी काम से धूत्ता की ओर जा रहा था। शकलोई नाला के पास पहुंचने पर पहाड़ी से लुढ़का पत्थर सीधे दिनेश पर आ गिरा। पत्थर लगने के बाद वह स्कूटी से गिरकर नाले में जा पहुंचा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे नागरिक अस्पताल किहार ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद किहार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर भेजा। एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक की अचानक मौत से परिवार सदमे में है। दिनेश अपने परिवार में छोटा बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन तथा एक बड़ा भाई है।

तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक की माता जितो को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। उन्होंने प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से नियमों के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Related Topics: