Loading...

हादसा: चंबा में घास लेने जंगल गई महिला को सांप ने डसा, अस्पताल में मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Aug 2026 • 1 Min Read

हादसा: चंबा जिले के भटियात क्षेत्र की नैनीखाडू पंचायत के धर्मोड गांव में घास लेने जंगल गई 65 वर्षीय महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। ग्रामीण महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डल्हौजी ले गए, जहां उपचार शुरू होने के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

चंबा

मृतक महिला की पहचान सावित्री देवी पत्नी गांधी राम के रूप में हुई है। वह मनरेगा में दिहाड़ी लगाकर अपना गुजर-बसर कर रही थी। जानकारी के अनुसार, वीरवार को सावित्री देवी मनरेगा के काम पर नहीं गई और सुबह अपनी गाय के लिए घास लेने जंगल चली गई। बताया गया है कि सुबह करीब 11 बजे घास में छिपे जहरीले सांप ने उसे डस लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण सावित्री देवी को निजी वाहन से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डल्हौजी लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

Related Topics: •