हादसा / बिलासपुर की मणी खड्ड में डूबने से 11वीं के छात्र की मौत, रातभर सर्च के बाद सुबह मिला शव
हादसा : बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल की पंचायत ननावां स्थित मणी खड्ड में डूबने से 17 वर्षीय छात्र अरमान सिंह की मौत हो गई। अरमान शनिवार को घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि वह दोस्तों के साथ नहाने के लिए मणी खड्ड गया था, जहां वह पानी में डूब गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह उसका शव बरामद कर लिया गया।
बिलासपुर/घुमारवीं
मृतक की पहचान अरमान सिंह पुत्र गौतम सिंह निवासी गांव जबल्याणा (गैहरी) के रूप में हुई है। वह ग्वालमुठानी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार अरमान शनिवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। बेटे के वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर परिवार ने डैहर पुलिस चौकी में उसके लापता होने की सूचना दी।
दोस्तों के साथ गया था नहाने
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच में पता चला कि करीब 11 बजे अरमान तीन अन्य छात्रों के साथ डैहर क्षेत्र में देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने देर रात उसके साथ दिखे एक छात्र से संपर्क किया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि वे सभी नहाने के लिए नजदीक स्थित मणी खड्ड गए थे, जहां अरमान पानी में डूब गया। घटना के बाद डर के कारण वे वहां से चले गए और किसी को इसकी सूचना नहीं दी।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन, सुबह मिला शव
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग रात में ही मौके पर पहुंच गए। खड्ड किनारे अरमान के कपड़े और जूते बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और होमगार्ड की टीम ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। रविवार सुबह करीब छह बजे अरमान का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस उपाधीक्षक विशाल वर्मा के अनुसार मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।