Loading...

हादसा : हथनीकुंड बैराज में सैन्य अभ्यास के दौरान मोटरबोट पलटी, लापता जवानों की तलाश जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Hours Ago • 1 Min Read

हादसा: हरियाणा-हिमाचल सीमा पर स्थित हथनीकुंड बैराज में बाढ़ बचाव के सैन्य अभ्यास के दौरान 1 पैरा स्पेशल फोर्स के जवानों की मोटरबोट तेज बहाव में पलट गई। तीन कमांडो सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि लापता जवानों की तलाश में सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

यमुनानगर

जानकारी के अनुसार, जवान बाढ़ बचाव और एयर-ड्रॉप प्रशिक्षण के तहत अभ्यास कर रहे थे। इस दौरान जवान हेलिकॉप्टर से नदी में मौजूद मोटरबोट पर उतरे। बताया जा रहा है कि बोट पर सवार होने के बाद तकनीकी खराबी के कारण उसका इंजन चालू नहीं हो पाया। इसी बीच नदी का तेज बहाव मोटरबोट को बैराज के डेंजर जोन की ओर ले गया और कुछ ही देर बाद बोट अनियंत्रित होकर पलट गई।

मोटरबोट पर सवार तीन कमांडो लाइफ जैकेट के सहारे करीब 600 मीटर तक तेज बहाव से संघर्ष करते रहे। इसके बाद वे पश्चिमी यमुना नहर के खुले गेट की ओर से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। तेज बहाव में लापता हुए जवानों की तलाश के लिए सेना के हेलिकॉप्टर, गोताखोर और विशेष रेस्क्यू बोट लगातार अभियान चला रहे हैं। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी तलाश जारी रही।

नहर में पानी का बहाव किया गया कम

स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग ने पश्चिमी यमुना नहर में पानी का बहाव कम करने की कार्रवाई की है, ताकि बचाव अभियान को आगे बढ़ाया जा सके। नदी में पलटी मोटरबोट को भी बाहर निकाल लिया गया है। हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, हरियाणा पुलिस तथा पड़ोसी उत्तर प्रदेश की पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें निगरानी कर रही हैं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच लापता जवानों की तलाश लगातार जारी है।

Related Topics: