Loading...

हादसा: कुल्लू के स्कूल में मिड-डे मील की खीर खाने के बाद 35 बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा: कुल्लू जिले की राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी में मंगलवार को मिड-डे मील की खीर खाने के बाद करीब 35 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टियां और चक्कर आने की शिकायत के बाद अधिकतर बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

कुल्लू

पीड़ित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी सहित आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों के अनुसार, बच्चों ने स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खीर खाई थी। शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ बच्चे स्कूल से बाहर निकलने के बाद चक्कर खाकर गिर गए। इसके बाद बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल ले जाया गया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचाने में की मदद

बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील ने घटना पर चिंता जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

प्रारंभिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका

सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। चिकित्सकों ने दूषित पानी की वजह से तबीयत बिगड़ने की आशंका भी जताई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम बच्चों की हालत पर लगातार नजर रख रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों से स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

Related Topics: