हादसा / पेड़ से गिरकर घायल 49 वर्षीय महिला ने तोड़ा दम
हादसा / सिरमौर जिले के सैनधार क्षेत्र की नेहर सवार पंचायत में पशुओं के लिए चारा काटते समय पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गवाही निवासी बीना देवी, पत्नी सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बुधवार सुबह हुए इस हादसे के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
नाहन
जानकारी के अनुसार, बीना देवी बुधवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। पेड़ से चारा काटने के दौरान अचानक उनका पांव फिसल गया और वह नीचे गिर गईं। गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले गए।
मेडिकल कॉलेज नाहन में प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल से बाहर लाए जाने के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। नेहर सवार पंचायत के प्रधान अनिल राणा ने बताया कि महिला के निधन से पूरी पंचायत में शोक है। वह अपने पीछे पति और दो बेटों को छोड़ गई हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।