हादसा : नेरवा में पैर फिसलने से 14 वर्षीय दिव्यांग किशोर की मौत
हादसा : शिमला जिले की नेरवा तहसील के भूट गांव में शौच के लिए जा रहे 14 वर्षीय दिव्यांग किशोर की पैर फिसलने से मौत हो गई। किशोर रास्ते से करीब 15 से 20 फुट नीचे खेत में पत्थरों के बीच गिर गया था। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
नेरवा
जानकारी के अनुसार, भूट गांव के डाकघर भराणू निवासी सुमित कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह बचपन से दिव्यांग था और मिर्गी से भी पीड़ित था। वह घर के आंगन से जंगल की ओर शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे खेत में जा गिरा। पत्थरों पर गिरने से उसके सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट लगी और वह मदद के लिए चिल्लाने लगा।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया
सुमित की आवाज सुनकर उसके पिता सुरेंद्र सिंह और गांव के मंगत राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने किशोर को खेत में खून से लथपथ हालत में पाया। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से उसे तत्काल सिविल अस्पताल नेरवा ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल प्रशासन से सूचना मिलने के बाद नेरवा पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।
परिजनों ने नहीं जताया संदेह
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने किशोर का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने उसकी मृत्यु को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं जताया है। नेरवा पुलिस इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
