हादसा : पानी भरने गए 84 वर्षीय पूर्व सैनिक की खातरी में डूबने से मौत
हादसा: हमीरपुर जिले के सुजानपुर थाना क्षेत्र की रंगड़ पंचायत के टपरा गांव में खातरी में डूबने से 84 वर्षीय पूर्व सैनिक प्रेमू राम की मौत हो गई। वह सुबह करीब पांच बजे पारंपरिक जलस्रोत से पानी भरने गए थे। आशंका है कि पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में गिर गए। चार दिन पहले इसी पंचायत में तीन वर्षीय बच्चे की भी डूबने से मौत हुई थी।
हमीरपुर/सुजानपुर
प्रेमू राम रोजाना की तरह सुबह पानी लेने के लिए खातरी गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश करते हुए परिवार के सदस्य खातरी के पास पहुंचे, जहां प्रेमू राम का शव पानी में तैरता मिला। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।