Loading...

हादसा : टांडा अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय युवती की मौत, पुलिस जांच शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 49 Mins Ago • 1 Min Read

हादसा : डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में उपचाराधीन 27 वर्षीय युवती की चौथी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

कांगड़ा

घटना तड़के करीब पांच बजे हुई। धीरा क्षेत्र की रहने वाली युवती को जहरीला पदार्थ खाने के बाद टांडा अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उसे पहले इमरजेंसी में भर्ती किया गया और गंभीर स्थिति को देखते हुए रातभर आईसीयू में रखा गया। उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार हो रहा था और वह खतरे से बाहर आने लगी थी। इसी बीच युवती अस्पताल की चौथी मंजिल तक पहुंच गई और वहां से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया था और उपचार के बीच वह अस्पताल की चौथी मंजिल तक कैसे पहुंची। पुलिस अस्पताल के स्टाफ, परिजनों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Related Topics: