हादसा / घास काटते समय खाई में गिरी महिला की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत
हादसा : सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में घास काटने के दौरान खाई में गिरी एक महिला की उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। महिला 11 जून को हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी और कई दिनों से उपचाराधीन थी।
सिरमौर/संगड़ाह
मृतका की पहचान 63 वर्षीय सुगना देवी निवासी गांव सौंफर (हड़यूट), पंचायत भलौना, उपमंडल संगड़ाह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 11 जून को घर के नजदीक घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
पहले संगड़ाह, फिर नाहन और पीजीआई किया गया रेफर
घटना के बाद परिजन घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल संगड़ाह लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। नाहन में भी हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
उपचार के दौरान हुई मौत
परिजनों के अनुसार पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान शनिवार शाम सुगना देवी ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
भलौना पंचायत की प्रधान लता भारद्वाज ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को नियमानुसार राहत राशि प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुगना देवी अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित थीं और परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि दुख की इस घड़ी में उन्हें कुछ राहत मिल सके।