डेंटल कॉलेज शिमला का नाम राजीव गांधी डेंटल कॉलेज, शिमला होगा: मुख्यमंत्री
हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित एओएमएसआई के राज्य स्तरीय सम्मेलन के दौरान यह घोषणा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और डेंटल शिक्षा को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
शिमला
300 करोड़ रुपये के डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर की घोषणा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया (एओएमएसआई) के हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के चौथे वार्षिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से डेंटल हेल्थ रिसर्च सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
राजीव गांधी डेंटल कॉलेज नाम रखने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान यह भी घोषणा की कि शिमला स्थित डेंटल कॉलेज का नाम बदलकर राजीव गांधी डेंटल कॉलेज, शिमला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स जटिल दंत एवं चेहरे से संबंधित रोगों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने में उनका विशेष योगदान है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के विस्तार की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ जिला अस्पतालों में भी उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने जिले के निकट ही गुणवत्तापूर्ण और किफायती उपचार मिल सके तथा उपचार के लिए अन्य राज्यों पर निर्भरता कम हो।
डेंटल शिक्षा और विशेषज्ञ सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सकों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी क्रम में डेंटल चिकित्सकों के साथ भी अलग से बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि डेंटल कॉलेजों में आधुनिक उपकरणों, विशेषज्ञ सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से शिक्षा प्राप्त चिकित्सक देश और विदेश में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और राज्य की पहचान को मजबूत कर रहे हैं।
सम्मेलन में विधायक सुरेश कुमार, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन बलदेव ठाकुर, डेंटल कॉलेज शिमला के प्रिंसिपल डॉ. योगेश भारद्वाज, एओएमएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता, हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. रंगीला राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।