Loading...

हनुमान जयंती पर सिद्ध हनुमान मंदिर जोहाना में उमड़ा आस्था का सैलाब

PRIYANKA THAKUR • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / सिरमौर

हनुमान जयंती के अवसर पर सिद्ध हनुमान मंदिर जोहाना में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे दिन भक्ति का माहौल बना रहा। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों के दौरान करीब तीन हजार भक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पच्छाद

जिला सिरमौर के सराहां के समीप स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर जोहाना में हनुमान जयंती के अवसर पर वीरवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दोपहर तक भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर से बाहर तक नजर आईं। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों के बीच करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।मंदिर के पुजारी महंत परमेश्वर दास ने बताया कि हनुमान जयंती का पर्व इस बार भी पूरे श्रद्धा भाव और उल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के अवतार और माता अंजनी के लाल हनुमान जी का यह पावन जन्मोत्सव भक्तों के जीवन में सुख, शांति और मंगल लेकर आता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान हनुमान सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।

वीरवार सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर परिसर धार्मिक माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान हनुमान के चरणों में शीश नवाया। मंदिर परिसर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर भक्तिमय वातावरण बना दिया, वहीं दिनभर हनुमान चालीसा, बजरंग बाण और सुंदरकांड का पाठ भी चलता रहा। धार्मिक आयोजनों के कारण पूरा क्षेत्र जयकारों और भक्ति रस से गूंजता रहा।धार्मिक मान्यता के अनुसार चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि को भगवान हनुमान का जन्म हुआ था, इसलिए इस दिन को विशेष रूप से हनुमान जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा भाव से सुंदरकांड का पाठ और पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण रहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज क्षेत्रों से भी मंदिर पहुंचे।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। मंडी खडाना निवासी सुरेंद्र ठाकुर (बूटी), उनके बेटे सुमेर ठाकुर, भाई यशपाल ठाकुर और हुशन ठाकुर द्वारा आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की व्यवस्था दिनभर सुचारु रूप से चलती रही और भक्तों ने इसे सेवा और श्रद्धा का सुंदर उदाहरण बताया।स्थानीय लोगों के अनुसार सिद्ध हनुमान मंदिर जोहाना क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और हनुमान जयंती जैसे पर्वों पर यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी उमड़ी भारी भीड़ ने मंदिर की धार्मिक महत्ता और लोगों की गहरी आस्था को एक बार फिर उजागर कर दिया।