राजस्व एवं बागवानी जगत सिंह नेगी ने हारचक्कियां में किया सब-तहसील भवन का शिलान्यास
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने गत देर सायं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत हारचक्कियां में प्रस्तावित सब-तहसील भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
धर्मशाला
इस अवसर पर राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि सब-तहसील भवन के निर्माण से लोगों को राजस्व संबंधी विभिन्न सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी और उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भवन के निर्माण में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी तथा इसे शीघ्र पूरा कर आम जनता को समर्पित करने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
आपदा प्रभावित परिवारों को दी गई राहत
जगत सिंह नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार के अपने संसाधनों से आपदा प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत प्रदान की। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर सात लाख रुपये किया गया और पिछले वर्ष इसमें एक लाख रुपये की और वृद्धि कर इसे आठ लाख रुपये किया गया। उन्होंने कहा कि देश के किसी अन्य राज्य में इस स्तर की सहायता नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। गौशालाओं, पशुधन, फसल तथा भूमि के नुकसान के मामलों में भी प्रदेश सरकार ने राहत राशि बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव प्रयास किया है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) का लाभ पात्र लोगों को उठाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित समितियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों के दावों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। नेगी ने कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीण परिवारों को रोजगार की मांग करने का अधिकार है। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम की मांग कर सकता है और योजना के प्रावधानों के अनुसार रोजगार उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते का भी प्रावधान है।
एचपी-शिवा योजना के तहत बागवानी को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि प्रदेश के निचले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। एचपी-शिवा योजना के तहत कांगड़ा सहित सात जिलों में लगभग 6,000 हेक्टेयर क्षेत्र को बागवानी के अंतर्गत लाने का लक्ष्य रखा गया है, पहले चरण में 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र पर कार्य चल रहा है। इसके तहत अमरूद, लीची, नींबू वर्गीय फल, माल्टा सहित विभिन्न फलदार पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एचपी-शिवा योजना में पात्र किसानों को निर्धारित क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
भवन निर्माण की लागत लगभग एक करोड़ रुपये
इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार करते हुए कहा कि आज इस क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण दिन है। उप तहसील भवन के लिए लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी द्वारा भवन निर्माण की लागत लगभग एक करोड़ रुपये रखी गई है।
केवल पठानिया ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भी लगातार काम हुआ है। सीएचसी भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पिछले कुछ वर्षों में काफी काम हुआ है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में इस क्षेत्र के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई गई है।
पिछले लगभग तीन वर्षों में चंगर क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं। इस क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था में सुधार के लिए गांवों में नए पानी के टैंक बनाए गए हैं और पुराने टैंकों की री-मॉडलिंग भी की गई है। लगभग 19 टैंकों के निर्माण और सुधार का कार्य हुआ है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में बोह क्षेत्र में आपदा की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उस दौरान सड़क खोलने और सामान्य व्यवस्था बहाल करने में अधिकारियों और विभिन्न विभागों की टीमों ने दिन-रात मेहनत की। विधानसभा में भी अधिकारियों द्वारा किए गए इस कार्य की सराहना की गई है।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेंद्र पटाकू, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सूरज सिंह, लंज कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुमन मेहरा, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, स्थानीय उप प्रधान संजीव कुमार, आयुष्मान विभाग के ओएसडी डॉ. सुमित पठानिया, एसडीएम कांगड़ा अंजलि गर्ग और एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर उपस्थित रहे।
इस दौरान एग्जीक्यूटिव इंजीनियर लोक निर्माण विभाग नीरज जसवाल, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आईपीएच अमित डोगरा, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विद्युत अमित शर्मा, उप निदेशक बागवानी अलक्ष पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।