दुर्गम पहाड़ी पर कंधों के सहारे 5 क्विंटल का ट्रांसफॉर्मर… यह तस्वीर बयां कर रही गेहल गांव की बिजली व्यवस्था की हकीकत
हरिपुरधार की ग्राम पंचायत गेहल में बार-बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने से करीब 60 घरों के लोग लगातार बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर को मुख्य सड़क के पास स्थानांतरित करने और 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी गई है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
हरिपुरधार
हरिपुरधार उपमंडल की ग्राम पंचायत गेहल में बिजली व्यवस्था की बदहाली की तस्वीर उस समय सामने आई, जब ग्रामीणों को चार से पांच क्विंटल वजनी ट्रांसफॉर्मर कंधों के सहारे दुर्गम पहाड़ी रास्ते से उठाकर ले जाना पड़ा। मुख्य सड़क से सैकड़ों मीटर की खड़ी चढ़ाई पर ट्रांसफॉर्मर पहुंचाने की यह तस्वीर गांव की वर्षों पुरानी समस्या को खुद बयां कर रही है।ग्राम पंचायत प्रधान ओपी ठाकुर ने बताया कि 30 जून को हुई भारी बारिश के दौरान गांव का 25 केवी क्षमता का ट्रांसफॉर्मर जल गया था, जिससे करीब 60 घरों में पांच से छह दिनों तक अंधेरा पसरा रहा। उन्होंने बताया कि पिछले छह से आठ महीनों में ट्रांसफॉर्मर कई बार खराब हो चुका है। हालांकि नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने बिजली विभाग का आभार भी जताया, लेकिन कहा कि समस्या का स्थायी समाधान अभी भी नहीं हुआ है।
प्रधान ने कहा कि वर्तमान में ट्रांसफॉर्मर मुख्य सड़क से करीब 500 से 700 मीटर दूर कठिन पहाड़ी क्षेत्र में स्थापित है। हर बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर ग्रामीणों और विभागीय कर्मचारियों को उसे कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन के समीप मुख्य सड़क मात्र 100 से 150 मीटर की दूरी पर है। यदि ट्रांसफॉर्मर को वहां स्थानांतरित किया जाए तो भविष्य में रखरखाव, मरम्मत और बदलने का कार्य आसान होने के साथ जोखिम भी समाप्त हो जाएगा।स्थानीय निवासी राजेंद्र शर्मा ने कहा कि गांव में बढ़ते बिजली भार के मुकाबले 25 केवी का ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह नाकाफी साबित हो रहा है। ओवरलोड के कारण ट्रांसफॉर्मर बार-बार जल जाता है और इसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ता है।
वहीं सूर्या शर्मा ने कहा कि गांव में करीब 60 परिवार रहते हैं और बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में गांव के लिए 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत किया जाना समय की जरूरत है, ताकि बार-बार होने वाली इस परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।ग्राम पंचायत गेहल ने बिजली विभाग से मांग की है कि ट्रांसफॉर्मर को शीघ्र पंचायत भवन के समीप मुख्य सड़क के पास स्थानांतरित किया जाए तथा गांव के लिए 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत किया जाए। प्रधान ओपी ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की इस मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो गांव के लोग लोकतांत्रिक तरीके से बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

