Loading...

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से निहंगों के मामले को जल्द सुलझाने का किया आग्रह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

उत्तराखंड के करणप्रयाग में श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के श्रद्धालुओं के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर जल्द समाधान का आग्रह किया। पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरियाणा सरकार के राजनीतिक सलाहकार एवं सचिव तरुण भंडारी ने बताया कि दोनों सरकारें मामले के समाधान के लिए लगातार संपर्क में हैं।

नाहन

उत्तराखंड के करणप्रयाग में करीब 10 दिन पहले हुए श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के श्रद्धालुओं के साथ मारपीट के मामले को सुलझाने के लिए शनिवार को हरियाणा तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने फोन पर बातचीत की है। पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हरियाणा तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार एवं सचिव तरुण भंडारी ने यह जानकारी दी। पांवटा साहिब गुरुद्वारे में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए निहंग सिंहों के जत्थेदार मेजर सिंह सोढ़ी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हरियाणा के महासचिव अंग्रेज सिंह और मुख्यमंत्री हरियाणा के राजनीतिक सलाहकार एवं सचिव तरुण भंडारी ने बताया कि बीते दिनों उत्तराखंड में निहंग सिंहों के साथ हुई मारपीट के बाद उपजे विवाद को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की है।

साथ ही जल्द सभी मसलों के हल निकालने का आश्वासन दिया। बता दें कि उत्तराखंड प्रशासन के आश्वासन के बाद पंजाब से आए उत्तराखंड कूच करने के लिए निकले निहंग सिंहों ने पांवटा साहिब गुरुद्वारे में डेरा डाला है। उत्तराखंड प्रशासन को मामला सुलझाने और उनकी शर्तें मानने के लिए दो दिन का समय दिया है। आज अल्टीमेटम के पहले दिन घटनाक्रम में नया मोड़ आया। जब हरियाणा राज्य के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार एवं सचिव तरूण भंडारी ने निहग सिंहों से बात करने और हरियाणा के मुख्यमंत्री का संदेश देने पांवटा साहिब पहुंचे। तरुण भंडारी ने हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ निहंग सिंहों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि कोई विवाद नहीं है, छोटी-मोटी घटनाएं सामने आती है।

कुछ लोग इसे राजनीतिक तूल देकर माहौल बिगड़ने का काम करते हैं। निहंग सिंहों की समस्याओं का समाधान होगा। हरियाणा सरकार भी उत्तराखंड सरकार से लगातार संपर्क में है।जत्थेदार मेजर सिंह सोढ़ी ने बताया कि सीएम धामी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देने के साथ कहा कि श्री हेमकुंट साहिब यात्रा पहले की तरह सुचारू रूप से चलती रहेगी। पत्रकार वार्ता में जत्थेदारों ने साफ किया कि यह कोई धार्मिक लड़ाई नहीं है। “हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई, हम सब भाई हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ जगह-जगह कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। फिलहाल पांवटा साहिब उत्तराखंड सीमा पर पूरी तरह शांति है। निहंग जत्थे अभी भी पांवटा गुरुद्वारा साहिब में ठहरे हुए हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान गुरजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह, हरकीरत सिंह और अमरेंद्र सिंह मौजूद रहे।