एनसीआर से बाहर नहीं होंगे हरियाणा के जिले, चार नई ‘नमो सिटी’ बसाने का फैसला
एनसीआर योजना बोर्ड की बैठक में स्पष्ट किया गया कि हरियाणा के एनसीआर में शामिल जिलों को बाहर नहीं किया जाएगा। बैठक में रीजनल प्लान-2041 और एनसीआर क्षेत्र के संतुलित विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। आरआरटीएस कॉरिडोर के साथ चार नए ‘नमो सिटी’ विकसित करने का भी निर्णय लिया गया।
नई दिल्ली
17 जून (अश्विनी शर्मा)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के दायरे में शामिल हरियाणा के जिलों को बाहर किए जाने की अटकलों पर विराम लग गया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (एनसीआर प्लानिंग बोर्ड) की 42वीं बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि एनसीआर की मौजूदा सीमा में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा तथा राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित संबंधित राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि एनसीआर के भविष्य के विकास, शहरी नियोजन, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और सतत विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि एनसीआर क्षेत्र का संतुलित और सशक्त विकास सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।बैठक में रीजनल प्लान-2041 को लेकर भी चर्चा हुई। इसके लिए केंद्र सरकार तथा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उप-समिति गठित की गई है। यह समिति 15 अगस्त 2026 तक अपनी अंतिम रिपोर्ट बोर्ड को सौंपेगी।
बैठक की सबसे महत्वपूर्ण घोषणाओं में आरआरटीएस (रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर के साथ चार नए ग्रीनफील्ड शहर विकसित करने का निर्णय शामिल रहा। बोर्ड के सभी सदस्य राज्य एक-एक नए ग्रीनफील्ड शहर की विकास योजना प्रस्तुत करेंगे। ‘नमो सिटी’ के नाम से विकसित होने वाले ये शहर आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर शहरी केंद्रों के रूप में विकसित किए जाएंगे।मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार एनसीआर क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आरआरटीएस परियोजनाओं के साथ-साथ नए ग्रीनफील्ड शहरों के विकास को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड की अगली बैठक दिसंबर 2026 में गुरुग्राम में आयोजित की जाएगी।बैठक में हरियाणा के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव श्रीनिवास कातिकिथाला, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।