Loading...

Census 2027 / जनगणना में स्वयं को अनुसूचित जनजाति के रूप में दर्ज कराएं हाटी समुदाय : वेद प्रकाश ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Census 2027 : हाटी समिति राजगढ़ खंड ने गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय से आगामी जनगणना में स्वयं को अनुसूचित जनजाति के रूप में दर्ज कराने की अपील की है। इससे समुदाय की वास्तविक जनसांख्यिकीय स्थिति दर्ज होने और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। समिति ने लोगों से किसी भी भ्रम में आए बिना स्वयं को एसटी के रूप में दर्ज करवाने का आग्रह किया है।

राजगढ़

हाटी समिति राजगढ़ खंड ने गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय से आगामी जनगणना में स्वयं को अनुसूचित जनजाति (एसटी) के रूप में दर्ज कराने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि इससे केंद्र सरकार तक समुदाय की वास्तविक जनसांख्यिकीय स्थिति पहुंचेगी और जनजातीय समुदायों के हितों के अनुरूप योजनाओं व सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।राजगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हाटी समिति राजगढ़ खंड के अध्यक्ष वेद प्रकाश ठाकुर ने कहा कि जनगणना 2027 का पहला चरण मंगलवार से हिमाचल प्रदेश में शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रपत्र के 13वें कॉलम में हाटी समुदाय के लोग स्वयं को अनुसूचित जनजाति के रूप में दर्ज कराएं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा गिरिपार के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान किया जा चुका है तथा हिमाचल प्रदेश की जनजातियों की अधिसूची में हाटी समुदाय का नाम शामिल है। ऐसे में समुदाय के लोगों को किसी भी प्रकार के भ्रम में आए बिना स्वयं को अनुसूचित जनजाति के रूप में दर्ज करवाना चाहिए।गिरिपार के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग के लोगों को ओबीसी और एसटी दोनों श्रेणियों के लाभ मिलें, इसके लिए हाटी समिति और क्षेत्र के बुद्धिजीवी प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओबीसी से संबंधित लाभ राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसलिए इस विषय में प्रदेश सरकार से भी सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा है।

वेद प्रकाश ठाकुर ने कहा कि हाटी समाज की सभी उपजातियों को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही हाटी समाज और गिरिपार क्षेत्र के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सकेगी।प्रेस वार्ता में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर, महासचिव विजय भारद्वाज, खंड उपाध्यक्ष विकल्प सिंह ठाकुर, रविदत्त भारद्वाज, सुरेंद्र ठाकुर, राजकुमार ठाकुर, रणवीर ठाकुर और जीवन सिंह तोमर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Topics: