Loading...

Health / सोलन का निर्माणाधीन 200 बेड अस्पताल बनेगा क्षेत्र की लाइफ लाइन, स्वास्थ्य मंत्री ने की प्रगति की समीक्षा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Health : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलन के कथेड़ में निर्माणाधीन अत्याधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल का निरीक्षण कर आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल के पूरा होने के बाद यह पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा।

सोलन

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में बताया कि अस्पताल में जल्द ही 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि एमआरआई सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और गंभीर बीमारियों की पहचान व उपचार में भी तेजी आएगी।

200 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल होगा सभी सुविधाओं से सुसज्जित

कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह 200 बिस्तरों वाला बहुउद्देशीय अस्पताल आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और बहुविशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं से लैस होगा। अस्पताल में क्रिटिकल केयर सेंटर, तृतीय स्तरीय ट्रॉमा सेंटर तथा 50 बिस्तरों वाली पृथक मातृ एवं शिशु विंग भी विकसित की जा रही है, जिससे मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य 80 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार परियोजना को समय पर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के बाद उन्होंने जन समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

Related Topics: