Helicopter Crash in Kedarnath Valley : आर्यन एविएशन के चॉपर हादसे में पायलट समेत 7 तीर्थयात्रियों की मौत
Helicopter Crash in Kedarnath Valley : उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने हवाई यात्रा सुरक्षा पर उठा बड़े सवाल, मुख्यमंत्री की चेतावनी को बोल बंदर घुड़कीयां
हिमाचल नाऊ न्यूज़ देहरादून
उत्तराखंड की चार धाम यात्रा के दौरान आज एक और हृदयविदारक हेलीकॉप्टर दुर्घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है. आर्यन एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरने के ठीक पाँच मिनट बाद गौरीकुंड और त्रिजुगीनारायण के बीच घने जंगल (गौरी माई खर्क से ऊपर) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
इस भीषण हादसे में पायलट समेत सभी 7 लोगों की दुखद मौत हो गई है.यह यात्रा शुरू होने के बाद से केदारघाटी में हुई यह पाँचवीं हेलीकॉप्टर दुर्घटना है, जिसने उत्तराखंड में हवाई सेवाओं की निगरानी और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सुबह करीब 5:30 बजे हुए इस हादसे का प्राथमिक कारण घना कोहरा और खराब मौसम बताया जा रहा है.मृतकों में मासूम बच्चा और दंपती भी शामिलदुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान हो गई है.

इनमें जयपुर के अनुभवी पायलट राजवीर शामिल हैं, जो पहले भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर रहे थे. इसके अलावा, महाराष्ट्र के एक जायसवाल दंपती और उनके 23 महीने के मासूम बच्चे की भी इस दुर्घटना में जान चली गई है.
मृतकों में उत्तराखंड के विनोद नेगी और बीकेटीसी (बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति) के कर्मचारी विक्रम सिंह भी शामिल हैं.हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) और एनडीआरएफ (नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और सघन राहत व बचाव अभियान शुरू किया.
सुरक्षा मानकों पर गंभीर चिंताएं, सरकार पर बढ़ा दबाव
केदारघाटी में लगातार हो रही हेलीकॉप्टर दुर्घटनाएं चार धाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंताएं पैदा कर रही हैं.
महज आठ दिन पहले, 7 जून को भी रुद्रप्रयाग में एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण राजमार्ग पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी, हालांकि तब कोई हताहत नहीं हुआ था.
इन घटनाओं से स्पष्ट है कि हेली सेवा कंपनियों द्वारा पैसे कमाने की होड़ में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है, जो श्रद्धालुओं के जीवन के साथ सीधा खिलवाड़ है.
कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला:मुख्यमंत्री की चेतावनी बंदर घुड़की!– धस्माना
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन, सूर्यकांत धस्माना ने राज्य की भाजपा सरकार की “लचर व लापरवाह हवाई सेवा नियमावली” पर तीखा हमला बोला है.
धस्माना ने मुख्यमंत्री द्वारा पहले दी गई चेतावनियों को “मात्र बंदर घुड़की” करार देते हुए कहा कि उनकी चेतावनी के बावजूद खराब मौसम में उड़ान भरी गई.उन्होंने सरकार से तत्काल एयर ट्रैफिक नियमावली को सख्ती से लागू करने, दोषी कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हेलीकॉप्टरों की सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करने की मांग की है.
बरहाल यह दुर्घटना सरकार पर हवाई सेवाओं के नियमन को मजबूत करने और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने का भारी दबाव बढ़ाती है. उम्मीद है कि इस हादसे से सबक लेकर प्रशासन कड़े कदम उठाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.