Loading...

Himachal: विधानसभा का शीत सत्र तपोवन में आज से, दो दिन हंगामे के आसार

PRIYANKA THAKUR • 4 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का शीत सत्र आज बुधवार से धर्मशाला के तपोवन में शुरू होने जा रहा है। यह सत्र तीन दिन का होगा। इस संक्षिप्त सत्र में दो दिन हंगामा होने के आसार हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार का आज यह पहला सत्र होगा। पहले दिन विधायकों को प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार शपथ दिलाएंगे।

5 जनवरी को पहले विधानसभा अध्यक्ष का चयन होगा। इसके बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का अभिभाषण होगा, जिस पर विधायक चर्चा करेंगे। विधानसभा सचिव की ओर से जारी अस्थायी सूची के अनुसार 6 जनवरी को पहले शासकीय और विधायी कार्य होंगे।

उसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण, चर्चा और पारण होगा। प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा कि बगैर कैबिनेट के विस सत्र चलेगा। मुख्यमंत्री के साथ सदन में उप मुख्यमंत्री भी बैठेंगे।